-बेवर में चोरी के बाद एक घर में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : MAINPURI
बेवर। थाना क्षेत्र में मोहल्ला काजीटोला के सामने वाली गली में स्थित एक मकान में चोरों ने शुक्रवार की रात चोरी की वारदात अंजाम दी। दो किराएदारों के कमरों के ताले तोड़ कर करीब एक लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। शनिवार की सुबह सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
थाना क्षेत्र में मोहल्ला काजीटोला जीएसएम डिग्री कॉलेज के सामने गली में जनमेद सिंह का मकान है। मकान में दो किराएदार सुनीता देवी निवासी फर्रुखाबाद और रामप्रसाद निवासी दौलतपुर बिछवां रह रहे हैं।
दो दिन पूर्व दोनों किराएदार अपने घर गए थे। शुक्रवार की रात घर में घुसे चोरों ने सुनीता के कमरे का ताला तोड़ कर अलमारी व बक्सा में रखे दो मंगलसूत्र, कान के कुंडल, तीन जोड़ी पायल और सात हजार की नकदी चोरी की वारदात अंजाम दी। वहीं चोरों ने दूसरे किराएदार रामप्रसाद के घर से 25 हजार रुपये कीमत का सामान आदि चोरी किया। शनिवार की सुबह जानकारी होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एक घर से चोरी सूटकेस घर से कुछ दूर खाली मिला। तहरीर मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
बेवर क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदात हो रहीं हैं। लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी वारदात का खुलासा नहीं कर सकी है। कोई भी चोर अभी तक पकड़ा नहीं गया है। 20 नवंबर को बझेरा रोड पर विवेक पाठक और उनके चाचा राम किशोर पाठक के यहां चोरी हुई। 30 नवंबर को मोहल्ला ब्रहृमनान होमगार्ड के प्लाटून कमांडर सुरेश, चार दिसंबर को नवीगंज के श्यामपुर भटपुरा निवासी पूर्व सैनिक बहादुर सिंह और बलवीर सिंह, 12 दिसंबर को बिजली घर के पास ब्रजेश कुमार, चार दिन पूर्व मोहल्ला मिरकिचिया निवासी नरेश कुमार, अरुण कुमार और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मिथलेश देवी के घर में चोरी की वारदात का भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है।
आए दिन कोई न कोई चोरी की वारदात हो रही है। चोर बेखौफ घूम कर वारदात अंजाम दे रहे हैं। लेकिन स्थानीय लोगों की सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस मानो खामोश बैठी हुई है। कार्रवाई के नाम पर घटनास्थल का निरीक्षण और तहरीर मिलने के बाद जांच के नाम पर चुप्पी साध कर बैठ जाती है। लेकिन लोगों के बीच विश्वास के नाम पर खुलासे की ओर कोई प्रयास नहीं कर रही है। आए दिन हो रही वारदातों से लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर आक्रोश व्याप्त है।