बिछवां (मैनपुरी)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नीम के पेड़ से टहनी काटने के दौरान झुलसे गांव कुंजलपुर निवासी युवक की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक कारपेंटर था। परिजनों की ओर से चिकित्सक व स्टाफ की लापरवाही से मौत का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना क्षेत्र के गांव कुंजलपुर निवासी कारपेंटर चंद्रपाल शर्मा शुक्रवार को वैक्सीन लगवाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहारा गया था। वहां चिकित्सक व स्टाफ द्वारा नीम के पेड़ से टहनी काटने के लिए कहा गया, इसके बाद वैक्सीन लगाने की बात कही गई थी। पेड़ की टहनी काटने के दौरान ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर चंद्रपाल गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
शनिवार की सुबह आगरा में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके बाद मृतक के भाई ईश्वर दयाल की ओर से चिकित्सक राजेश चंद्र दुबे व अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। उधर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को चंद्रपाल को करंट लगने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे परिजन व ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे। चिकित्सक व स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मारपीट भी की थी। गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ भी की थी।