आगरा। उत्तर प्रदेश टी-20 लीग के चौथे संस्करण से पहले ताज नगरी एक बार फिर प्रदेश की क्रिकेट गतिविधियों का केंद्र बनने जा रही है। 24 जुलाई को आगरा के ताज होटल में प्रस्तावित मिनी ऑक्शन में 200 से ज्यादा खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर होगी। प्रदेशभर से चयनित खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी के सामने अपनी प्रतिभा के दम पर टीम में जगह बनाने की उम्मीद लेकर पहुंचेंगे। आयोजन की तैयारियां तेज हैं, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
यूपी टी-20 लीग का चौथा संस्करण 14 अगस्त से छह सितंबर तक होगा। इस बार पहली बार लीग की मेजबानी लखनऊ और कानपुर संयुक्त रूप से करेंगे। उद्घाटन समारोह और शुरुआती मुकाबले लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जाएंगे, जबकि लीग चरण के शेष मैच, नॉकआउट मुकाबले और फाइनल कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होंगे।
छह फ्रेंचाइजी चुनेंगी नए सितारे
मिनी ऑक्शन में कानपुर सुपरस्टार्स, मेरठ मैवरिक्स, नोएडा सुपर किंग्स, गोरखपुर लायंस, काशी रुद्रांश और लखनऊ फाल्कंस अपनी टीमों को मजबूत करने के लिए खिलाड़ियों पर बोली लगाएंगी। ऑक्शन में शामिल खिलाड़ियों का चयन यूपीसीए के ट्रायल, जिला क्रिकेट, आयु वर्ग प्रतियोगिताओं और विभिन्न घरेलू टूर्नामेंटों में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।
ट्रायल में चमके खिलाड़ियों को भी उम्मीद
हाल ही में आगरा में आयोजित यूपी टी-20 लीग ट्रायल और यूपीसीए स्पीड हंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों को भी मिनी ऑक्शन में जगह मिलने की संभावना है। ऐसे खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी की विशेष नजर रहने की उम्मीद है।