मैनपुरी में पुलिस ने सोमवार को सरकारी नौकरी लगवाने का लालच देकर लोगों से लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करने का दावा किया है। सरगना सहित अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। सरगना कन्नौज के बीएसए ऑफिस में चपरासी के पद पर तैनात है।
सीओ सिटी अभय नरायन राय ने बताया कि शहर के हिंदूपुरम कालोनी निवासी प्राइवेट शिक्षक सुधीर दुबे ने 14 अगस्त को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। इसके पीछे नौकरी के नाम पर करीब 15 लाख की ठगी किए जाने का मामल सामने आया था। मृतक के पिता रामदेव की ओर से कन्नौज के बीएसए ऑफिस में तैनात चपरासी अनुज चतुर्वेदी निवासी भवानीपुर प्रताप, थाना कोतवाली कन्नौज, अवधेश व अन्य के विरुद्ध ठगी का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इन लोगों ने ठगी का शिकार हुए युवक सुधीर दुबे को प्रवक्ता पद पर तैनाती का झांसा दिया गया था। रुपये लेने के बाद उसे शाहजहांपुर में तैनाती के लिए नियुक्ति पत्र भी दिया गया। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता बाद पदभार ग्रहण कराने की बात कही गई थी। आचार संहिता खत्म होने के बाद से ही उसे लगातार गुमराह किया जा रहा था।