हाईवे पर डेढ़ दर्जन वाहन भिड़े
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में सोमवार को सीजन का पहला कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण वाहनों की गति धीमी हो गई। इस दौरान नेशनल हाईवे नंबर दो पर धातरी और रूपसपुर के समीप अलग-अलग हादसे हुए। जिसमें लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक वाहन भिड़ गए। हादसे में तीन लोग घायल हुए। एक स्कूल की बस की चपेट में आने से बाइक सवार प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक घायल हो गए।
नेशनल हाईवे नंबर दो पर सिरसागंज क्षेत्र में धातरी के समीप दो ट्रकों की आपस में भिड़ंत हो गई। जिसमें एक ट्रक के चालक-परिचालक घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर खड़े ट्रकों से लगभग एक दर्जन वाहन भिड़ गए। गनीमत रही कि कोहरा होने के कारण स्पीड धीमी होने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन किसी सवारी को चोट नहीं आई। हादसे में मुकीम (22) निवासी चुहैरपुर थाना टपोकड़ा अलवर राजस्थान और परिचालक साबिर (29) निवासी बुवलैहडी थाना पुनहना मेवाड़ हरियाणा हैं।
मुकीम ट्रक में इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर कलकत्ता से अमृतसर पंजाब जा रहा था। वहीं नंदलाल (24) निवासी नौशहरा सिरसागंज से अपने लोडर वाहन को लेकर शिकोहाबाद आ रहा था, तभी वह वहां खड़े ट्रकों में भिड़ गया, जिससे उसके चोटें आई हैं। उधर मक्खनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपसपुर के पास लगभग आधा दर्जन वाहन भिड़ गये, गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
तीसरी घटना आटेपुर रोड पर हुई। आमरी निवासी देवीचरन (55) जलालपुर प्राइमरी स्कूल में प्रधान अध्यापक के पद पर तैनात हैं। सुबह साढ़े आठ बजे के करीब बाइक से स्कूल जा रहे थे, तभी सामने से आ रही स्कूल बस की चपेट में आ गए। जिससे उनकी बाइक असंतुलित होकर गिर पड़ी और उनके चोट आई। जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस मंगाकर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।