कासगंज। उपसंभागीय परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से एंबुलेंस चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पांच एंबुलेंस के खिलाफ प्रवर्तन की कार्रवाई की गई। इसमें से बिना फिटनेस एवं बीमा के दौड़ रही एक निजी एंबुलेंस को सीज कर दिया गया।
जिला में 15 सरकारी और 10 निजी एंबुलेंस की फिटनेस समाप्त हो जाने के बाद बरती जा रही लापरवाही को देखते हुए एआरटीओ के द्वारा लगभग एक पखवाड़ा पहले नोटिस जारी करके फिटनेस कराने के लिए निर्देशित किया गया था, लेकिन इन निर्देेशों के बाद भी लापरवाही कम नहीं हो रही। विभाग के द्वारा चलाए गए चेकिंग अभियान में 5 एंबुलेंस चेक की गई। मिशन चौराहा और नदरईगेट क्षेत्र में चेकिंग की गई। बिना फिटनेस बीमा के संचालित मिली एक निजी एंबुलेंस को सीज करने की कार्रवाई की गई। एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि 15 सरकारी और 10 निजी एंबुलेंस की फिटनेस समाप्त हो जाने के बाद सीएमओ व अस्पताल संचालकों का पत्र लिखा गया था, लेकिन अभी तक इनके द्वारा फिटनेस नहीं कराई गई है। उन्होंने अस्पताल संचालकों, स्कूल संचालकों, व्यावसायिक वाहन संचालकों को शीघ्र वाहनों की फिटनेस पूरी कराने के निर्देश दिए है। फिटनेस न कराने पर पंजीयन व चालक के लाइसेंस को निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।