मैनपुरी। परिषदीय स्कूलों के बच्चे भी गर्मियों में कॉन्वेंट स्कूल की तरह समर कैंप में प्रतिभाग करेंगे। 20 मई से 15 जून तक चलने वाले समर कैंप में बच्चे खेलकूद के साथ जीवन कौशल का ज्ञान भी हासिल करेंगे। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद के निर्देश के बाद जिले में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
परिषदीय स्कूलों में 20 मई से 15 जून तक विशेष समर कैंप लगेंगे। कैंप में छात्र-छात्राओं को पौष्टिक आहार दिया जाएगा। बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि इसके पीछे सरकार का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही जीवन कौशल विकसित करना है। शिविर प्रतिदिन सुबह 1.30 घंटे आयोजित होंगे। इस शिविर से बच्चों की नेतृत्व क्षमता का विकास किया जाएगा।
एमडीएम में मिलेगा गुड़ और चने के साथ रामदाना
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित होने वाले इन समर शिविरों में विशेष एमडीएम की भी व्यवस्था की गई है। हीं, उनको गुड़-चना, रामदाना और बाजरे के लड्डू जैसे पौष्टिक आहार भी उपलब्ध कराए जाएंगे। बीएसए दीपिका गुप्ता ने इसकी तैयारियों के लिए खंड शिक्षाधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
शासन और विभाग के निर्देशों का हर संभव पालन किया जाएगा। खंड शिक्षाधिकारियों को और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए हैं कि समर कैंप के लिए बच्चों को अभी से जानकारी देना शुरू कर दें ताकि बच्चे गर्मियों के अवकाश में विद्यालय में आयोजित समर कैंप में उपस्थित हो सकें। - दीपिका गुप्ता, बीएसए