कोई रोकर तो कोई हंसते हुए पहुचां स्कूल
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आगरा में डेढ़ महीने की गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार को स्कूल खुले तो ज्यादातर बच्चों के चेहरे खिल गए, तो कुछ रोए भी। दोस्तों से मिलने की चाहत और ढेर सारी बातों के बीच पहले दिन स्कूलों में पढ़ाई कम ही हुई। बच्चों ने अपने दोस्तों के साथ गर्मियों की छुट्टी में इकट्ठा हुई ढेर सारी बातों का पिटारा खोल दिया। प्ले ग्रुप और नर्सरी कक्षाओं में लंबी छुट्टियों के बाद लौटने वाले तमाम बच्चे स्कूल के गेट के बाहर रोते भी नजर आए।
गर्मी की छुट्टियां खत्म हो चुकी हैं। पिछले डेढ़ महीने तक सुबह देर तक सोने वाले बच्चे सोमवार को जल्दी उठ गए। छुट्टियों के बाद स्कूल का पहला दिन कुछ मस्ती और दोस्तों के साथ बहुत सारी बातों का रहा। दोस्त और शिक्षकों को देखकर बच्चों के चेहरे खिल गए।
यह भी पढ़ेंः- भीषण हादसे में छह की मौत: हाथों में बेटे ने तोड़ा दम..फिर टूट गई पिता की सांस, अपनो के शव देख बिलख पड़े परिवार
छठवीं कक्षा की छात्रा गौरी रविवार शाम से ही स्कूल जाने के नाम से उत्साहित थीं। शाम को ही बैग टाइम-टेबल के अनुसार लगाकर सारी तैयारियां कर लीं। जिससे सुबह कुछ भूल नहीं जाएं। बोलीं कि एक महीने बाद स्कूल खुल रहे हैं, दोस्तों से ढेर सारी बातें करनी हैं। उन्हें अपनी छुट्टियों के बारे में बताना है।
तीसरी कक्षा की छात्रा धान्वी की मम्मी नियति ने बताया कि उनकी बेटी की क्लास में लिखित कार्य नहीं कराया गया। शिक्षिका ने सिर्फ किताब पढ़वाई और ब्लैक बोर्ड पर कुछ सवाल हल करवाए। बच्ची ने बताया कि बहुत मजा आया।
यह भी पढ़ेंः- UP News: आधी रात को पत्नी के कमरे में था अंजान शख्स, शोर सुनकर पहुंचा पति, नजारा देख छूट गए पसीना
प्ले ग्रुप में पढ़ने वाले आर्यन की मम्मी निधि ने बताया कि इतने दिनों में आदत छूट गई थी तो सोमवार की सुबह उठने में काफी परेशान किया और फिर स्कूल के गेट के अंदर जाने से पहले बेटा रोता रहा, हालांकि छुट्टी में लेने पहुंची तो खेलता-कूदता कक्षा से बाहर निकला।