थाना बसई जगनेर के नयागांव में सोमवार रात हथियारबंद बदमाशों ने प्रधान की ताई के घर में हमला कर दिया। लूटपाट के दौरान वृद्धा की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस बदमाशों की खोजबीन में लगी है। मामले में पूर्व प्रधान, उनके भाई और अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
नयागांव के प्रधान धाराजीत की ताई कंठश्री पत्नी स्व. लक्ष्मीनारायन घर सोमवार की रात करीब 12 बजे सात बदमाशों ने हमला कर दिया। वृद्धा तिवारे में सो रही थी। घर में घुसे बदमाशों ने अलमारी आदि का ताला तोड़कर नकदी और गहने लूट लिए।
खटपट की आवाज पर कमरे में सो रहा भतीजा हेत सिंह जाग गया। वह देखने के लिए जैसे ही उठा, तभी सीढिय़ों के पास बैठे बदमाश ने तमंचे से गोली चला दी। गोली कंठश्री (70) के सीने में जा लगी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।