बाह। जैतपुर में संविदा बिजली कर्मी के घायल होने एवं बाह में वृद्धा की मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आगरा इटावा स्टेट हाइवे पर बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे बाह में पीएसी कोठी के पास पीछे से रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मारी थी। जिससे बाइक सवार जैतपुर के अमाही गांव की श्रीदेवी (65) की दर्दनाक मौत हो गई थी। जबकि बाइक चला रहे महिला के दामाद जितेंद्र कुमार को मामूली चोट लगी थी।
बाह पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमॉर्टम कराया था। दुर्घटना करने वाली बस को अपने कब्जे में लिया था। जितेंद्र कुमार की तहरीर पर बाह पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इधर वनकटी के संजय कुमार ने जैतपुर पुलिस को बताया कि भाई नारायण बिजली विभाग में संविदा कर्मी है। 18 फरवरी को जैतपुर में ऑफिस के बाहर सड़क किनारे खड़ा था। तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे घायल हुए नारायण का आगरा के अस्पताल में इलाज चल रहा है। जैतपुर पुलिस ने संजय कुमार की तहरीर पर वाहन के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद