आगरा के आरबीएस कालेज के प्रोफेसर पर 26 सितंबर को हुए जानलेवा हमले के मामले में 18 दिन बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बताया जा रहा है कि नकल रोकने की कोशिश करने के कारण प्रोफेसर पर हमला किया गया था। वे गंभीर रूप से घायल हुए और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
शुक्रवार को आगरा के संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर परिवारीजनों के साथ घायल प्रोफेसर प्रेमशंकर तिवारी की 85 वर्षीय मां लालमुखी तिवारी ने अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए धरना दिया। प्रोफेसर के परिवारीजनों ने कहा कि हमलावर जल्द नहीं पकड़े गए तो आमरण अनशन को मजबूर हो जाएंगे।
वृद्ध मां का कहना था कि बेटे पर हुए हमले के मामले में सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अब तक किसी हमलावर को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उधर, परिवारीजनों का कहना था कि प्रोफेसर तिवारी वरिष्ठ परीक्षा अधीक्षक के रूप में विश्वविद्यालय की लॉ परीक्षा कराने वाले थे।