पैदल जा रहे वृद्ध को वाहन ने रौंदा, मौत
- रसूलाबाद मार्ग पर हुई दुर्घटना, घर में छाया मातम
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। दावत खाने के लिए शनिवार की रात पैदल ही कस्बा जा रहे वृद्ध को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में रसूलाबाद के रहने वाले वृद्ध की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हादसे में वृद्ध की मौत के बाद घर में मातम छाया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना क्षेत्र के गांव रसूलाबाद निवासी देशराज (60) शनिवार की देर रात को एक दावत कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कस्बा जा रहे थे। जब वह रसूलाबाद से बेवर जाने वाले मार्ग पर पहुंचे। तभी हाईवे से गुजर रहे किसी वाहन ने चपेट में ले लिया। हादसे में देशराज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। देर रात तक जब वृद्ध घर वापस नहीं लौटे तो परिजन ने तलाश शुरू की। रविवार को तड़के करीब 3 बजे परिजन को वृद्ध की सड़क हादसे में मौत की सूचना मिली। जानकारी मिलने के बाद परिजन मोर्चरी पहुंच गए। बेवर पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजन के सुपुर्द कर दिया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।