आगरा के थाना सदर क्षेत्र के नगला टेकचंद में बुधवार दोपहर तीन बजे भारतीय खाद्य निगम के सेवानिवृत्त वरिष्ठ विपणन सहायक मानिक चंद (67) ने घर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि गृह क्लेश की वजह से आत्महत्या की आशंका है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। सुसाइड नोट नहीं मिला है।
नगला टेकचंद निवासी मानिकचंद पुत्र मेवाराम के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। वहीं पत्नी उर्मिला देवी हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को घर में मानिकचंद के अलावा बेटा लाखन, पत्नी उर्मिला देवी, बेटे दीपक की पत्नी और बच्चे थे। दीपक काम से गया था।
मानिकचंद कमरे में टीवी देखने के बाद दोपहर दो बजे छत पर चले गए। तीन बजे गोली चलने की आवाज आई। इस पर बेटा लाखन छत पर गया। चारपाई पर पिता मानिकचंद का शव पड़ा हुआ था।यह देखकर उसकी चीख निकल गई। अन्य परिजन आ गए। सूचना पर थाना सदर पुलिस पहुंच गई।
थाना के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार का कहना है कि मानिकचंद ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर सुसाइड किया है। बंदूक को कब्जे में ले लिया गया है। उनके कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। उन्होंने गृह क्लेश में आत्महत्या की है। परिजनों से पूछताछ की जाएगी।