मैनपुरी। जिले में डायरिया और पेटदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को गांव मेरापुर गुजराती में डायरिया से पीड़ित एक वृद्धा ने दम तोड़ दिया। साथ ही जिला अस्पताल में डायरिया और पेटदर्द से पीड़ित 21 मरीजों को भर्ती कराया गया।
होली के त्योहार के बाद जिले में डायरिया और पेटदर्द के मरीजों की संख्या बढ़ी है। जिला अस्पताल में प्रतिदिन 20 से 25 मरीज डायरिया और पेटदर्द की समस्या को लेकर भर्ती हो रहे हैं। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव मेरापुर गुजराती निवासी दयाराम की 75 वर्षीय पत्नी श्यामा देवी को पिछले कुछ दिनों से डायरिया की समस्या थी। परिजन उनका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे।
शनिवार को हालत बिगड़ने पर परजिन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि दूषित पेयजल व्यवस्था और उचित भोजन न करने के कारण डायरिया और पेटदर्द के मरीज बढ़े हैं। उन्होंने लोगों से मौसम के अनुसार हल्का भोजन लेने की अपील की।