नोएडा से ओला में कार को बुक कर दो बदमाशों ने लूट लिया। चालक के विरोध करने पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नशीला पदार्थ मिली चाय पिलाकर बेहोश कर दिया। बदमाश चालक को एत्मादपुर क्षेत्र में फेंक गए। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
ललियाना, थाना किठौर, मेरठ निवासी इकबाल स्विफ्ट डिजायर कार चलाता है। कार ओला में चलती है। मंगलवार रात 11 बजे कार की बुकिंग हुई थी। नोएडा में स्थानीय स्तर पर जाना तय हुआ था। गौड़ सिटी से दो लोग सवार हो गए। गाड़ी में बैठने के बाद दोनों कार को यमुना एक्सप्रेस वे की ओर ले गए। इसके बाद एक बदमाश ने इकबाल पर तमंचा तान दिया। उसने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आगरा की तरफ गाड़ी ले जाने के लिए बोलने लगे। रात तकरीबन दो बजे एक्सप्रेस वे पर एक जगह पर रुककर जबरन चाय पिला दी।
इसके बाद इकबाल बेहोश हो गया। बुधवार सुबह तकरीबन छह बजे इकबाल एत्मादपुर में सड़क किनारे पड़ा हुआ था। उसकी कार नहीं थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इकबाल को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया। इकबाल ने होश में आने पर घरवालों का नंबर दिया। दोपहर में परिजन आ गए। शाम को परिजनों ने थाने आकर तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। कार को भी तलाशने के कोई प्रयास नहीं किए गए। इंस्पेक्टर थाना एत्मादपुर ने बताया कि चालक का उपचार कराया गया है। घटना नोएडा में हुई थी। इसलिए परिजनों को वहां के थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बोला गया है।
कार में लगा है जीपीएस
पीड़ित के मुताबिक, कार में जीपीएस लगा हुआ है। उसकी लोकेशन बुधवार शाम चार बजे तक हनुमान बगीची, फाउंड्री नगर की आ रही थी। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई, लेकिन पुलिस ने कार को ढूंढने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।