परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकलतीं छात्राएं
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उत्तर प्रदेश के एटा में यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल का मामला सामने आने के बाद जिले में सख्ती बढ़ा दी गई है। मंगलवार को आयोजित परीक्षाओं का जिले के अधिकारियों के साथ मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. आरपी शर्मा ने निरीक्षण किया। मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा को ईमानदारी के साथ कराएं।
मंगलवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल विज्ञान और इंटरमीडिएट लेखा शास्त्र की परीक्षा का आयोजन हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने घिराेर क्षेत्र के, सह जिला विद्यालय निरीक्षक रघुराज सिंह पाल ने बरनाहल क्षेत्र के और नामित जनपदीय पर्यवेक्षक राजकुमार यादव ने प्रधानाचार्य सुलक्षणा शर्मा के साथ किशनी-करहल क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में परीक्षा शांतिपूर्ण संचालित हाेती पायी गई। काेई भी अनुचित साधन का प्रयाेग करते हुए नहीं पाया गया। सायं पाली में सह जिला विद्यालय निरीक्षक करहल ने करहल और मैनपुरी क्षेत्र के स्कूलों का निरीक्षण किया।
सायं पाली में संयुक्त शिक्षा निदेशक आगरा डॉ. आरपी शर्मा ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। यहां से वे क्रिश्चियन इंटर काॅलेज परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। जेडी ने राजकीय बालिका इंटर काॅलेज मैनपुरी और राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी का निरीक्षण किया। देर शाम उन्होंने करहल क्षेत्र केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा की जानकारी ली।