मैनपुरी। शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रविवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शिक्षामित्रों को मूल विद्यालय पर वापसी की मांग की।
जिला प्रभारी विनीत प्रताप सिंह ने कहा कि समायोजन निरस्त होने के बाद जिले के शिक्षामित्रों को मूल विद्यालय पर भेज दिया गया था। लेकिन अभी भी जिले में 100 से अधिक शिक्षामित्र 50 से 60 किमी की दूरी पर नौकरी कर रहे हैं।
इससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष शुभम शक्ति भदौरिया ने कहा कि शिक्षाधिकारियों से उन लोगों ने कई बार मुलाकात कर मूल विद्यालय से दूर नौकरी कर रहे शिक्षामित्रों को मूल विद्यालय पर भेजे जाने की अपील की है। लेकिन इस तरफ शिक्षाधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जिला संगठन मंत्री डॉ. अनुराग मिश्रा ने कहा कि अवशेष सभी शिक्षामित्रों को उनकी मांग के आधार पर मूल विद्यालय भेजा जाए। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अजय यादव, मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार, नवीन पाठक, राजेश मिश्रा, सचिन भदौरिया, सुधा देवी आदि मौजूद रहे।