फोटो22कासगंज में काली पट्टी बांधकर विरोध करते शिक्षक-शिक्षिकाएं। स्रोत:शिक्षक
कासगंज। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य किए जाने के विरोध में जिले के परिषदीय शिक्षक तकरीबन एक महीने से हाथ में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया।
कंपोजिट विद्यालय पटियाली, औरंगाबाद, नकडरू, चकेरी, सहावर, छावनी, प्राथमिक विद्यालय नगला लक्ष्मण, सुल्तानपुर, क्यमपुर, लोंगपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय ब्रह्मपुरी, नगला यादकरन, नदरई सहित अधिकांश विद्यालयों में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य किया। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ और उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील पांडे ने शिक्षकों से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।
प्राथमिक शिक्षक संघ के महामंत्री मुनेश राजपूत ने कहा कि सकारात्मक परिणाम न मिलने पर संगठन के निर्देशानुसार दिल्ली कूच की तैयारी होगी। वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप यादव ने वरिष्ठ शिक्षकों पर इसे लागू करना अनुचित बताया। जिला मीडिया प्रभारी दीपक मिश्र ने बताया कि संगठन शिक्षक हित में सदैव तत्पर है और आगे भी कार्य करता रहेगा।