कासगंज। उप संभागीय परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत बृहस्पतिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर जिले के सभी स्कूलों में मानव शृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा नियमों की शपथ दिलाई। छात्र-छात्राओं ने शहर में रैली निकालकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन करने का संदेश दिया।
श्रीगणेश इंटर कॉलेज में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम मेधा रूपम एवं एसपी अंकिता शर्मा ने किया। डीएम, एसपी ने छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों को यातायात के नियमों के पालन करने की शपथ दिलाई। डीएम ने कहा कि मानव शृंखला निर्मित करने का उद्देश्य टीम भावना से यातायात नियमों का पालन करना है, तभी सही मायने में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी। एआरटीओ आरपी मिश्र, डीआईओएस पीके मौर्य, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ज्ञान प्रकाश, सीओ यातायात आंचल चौहान, यात्रीकर अधिकारी मनोज माहेश्वरी, विद्यालय के प्रधानाचार्य एचपीएन दुबे, यातायात प्रभारी लक्ष्मण सिंह मौजूद रहे।