आगरा के थाना न्यू आगरा के सामने स्कूटी सवार युवकोंं ने महिला नर्स को टक्कर मारी और विरोध पर पिटाई कर दी। आरोप है कि नर्स दोनों को पकड़कर थाने लाई पर पुलिस कर्मियों ने दोनों को छोड़ दिया। हंगामे के बाद पुलिस ने अज्ञात युवकाें पर प्राथमिकी दर्ज की है।
नगला पदी निवासी पीड़िता नीलम ने बताया कि वह एसएन मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ के पद पर कार्यरत हैं। 18 मई को दोपहर करीब 1:30 बजे वह ड्यूटी पर जा रही थीं। इसी दौरान थाना न्यू आगरा के सामने दो अज्ञात युवक स्कूटी पर आए और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवकों ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट और गाली-गलौज की।
वह किसी तरह दोनों आरोपियों को पकड़कर थाना न्यू आगरा लेकर पहुंचीं। उनके साथ हुई घटना भगवान टॉकीज चौराहे और थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है। उन्होंने डायल 112 पर भी सूचना दी थी। इसके बावजूद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने कोई कार्रवाई नहीं की और दोनों को छोड़ दिया। थानाध्यक्ष न्यू आगरा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।