डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
उच्च शिक्षा राज्यमंत्री नीलिमा कटियार ने शुक्रवार को हुई वेबिनार में कोरोना संकट के समय में गत 100 दिनों में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाइयों की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा की। इसमें बताया गया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि की सभी इकाइयों ने मिलकर करीब 40 हजार मास्क बनाए और उनका वितरण कराया।
विश्वविद्यालय के एनएसएस के समन्वयक डॉ. रामवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रत्येक जिले में मास्क बैंक बनाई गई है। जरूरतमंदों को मास्क बनाकर दिए जा रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैला रहे हैं। एनएसएस के स्वयंसेवकों ने क्वारंटीन सेंटरों में थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजेशन व सफाई में सहयोग प्रदान किया। इसके अलावा स्वयंसेवकों ने करीब 10 हजार लोगों से आरोग्य सेतु व आयुष कवच एप डाउनलोड कराए।
एनएसएस के राज्य संपर्क अधिकारी डॉ. अंशुमालि शर्मा और क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अशोक श्रोती के निर्देशन में वेबिनार हुआ। डॉ. अशोक श्रोती ने कहा कि 150 से अधिक गांवों में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। 75 से अधिक मास्क बैंक प्रदेश भर में बनाए गए हैं।
अनाज बैंक, कोविड वालंटियर्स के रूप में प्रदेश के चिकित्सा विभाग के साथ सहयोग, पौधरोपण, नशामुक्ति और मुस्कराएगा इंडिया इनिशिएटिव के तहत 300 से अधिक मेंटल हेल्थ मेंटर का सहयोग आदि कार्य किए गए। राज्यमंत्री ने प्रयासों की सराहना की। एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम तिवारी और स्वयंसेविका दीक्षा मौजूद रहीं।