मैनपुरी। अब जिले के कामकाजी लोग भी पॉलिटेक्निक संस्थानों से तकनीकी प्रशिक्षण लेकर डिप्लोमा प्राप्त कर सकेंगे। प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से इसका निर्णय लिया गया है। आवेदन की प्रक्रिया जून 2025 से प्रारंभ होगी और 15 अगस्त 2025 अंतिम तिथि होगी।
प्रधानाचार्य राजकीय पॉलिटेक्निक मैनपुरी मनोज कुमार ने बताया कि प्राविधिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश ने कर्मचारियों के लिए डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए नई नीति लागू की है। इस नीति के अंतर्गत ऐसे कर्मचारी जिनके पास कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव है वे राजकीय, अनुदानित और निजी पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्रवेश ले सकेंगे। राजकीय पॉलिटेक्निक मैनपुरी सहित वे संस्थान जिनकी अनुमति होगी, उनमें विशेष कक्षाओं के माध्यम से तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया मेरिट के आधार पर होगी। हाईस्कूल के (50 अंक), कार्य अनुभव (30 अंक), सामाजिक-आर्थिक आधार (20 अंक) निर्धारित है। प्रधानाचार्य ने बताया कि यह योजना मैनपुरी जिले के युवाओं और कर्मचारियों को तकनीकी योग्यता प्राप्त कर अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर प्रदान करेगी।
इन शर्तों के साथ होगा आवेदन मंजूर
- आवेदक का कार्यस्थल संबंधित पॉलिटेक्निक से 50 किलोमीटर के दायरे में होना चाहिए।
- न्यूनतम योग्यता हाईस्कूल (10वीं) पास होना अनिवार्य।
- कम से कम एक वर्ष का औद्योगिक अनुभव अनिवार्य।