कासगंज। अब परिषदीय विद्यालयों के कक्षा तीन से पांच के विद्यार्थियों की जमीन पर बिछी टाट-पट्टी में बैठकर पढ़ने की मजबूरी जल्द खत्म होगी। इसके लिए शासन ने बच्चों के लिए फर्नीचर खरीदने का निर्णय लिया है। फर्नीचर खरीदने के लिए जिला स्तर पर डीएम की अध्यक्षता में समिति बनेगी।
शासन स्तर से प्रदेश के 25 जनपदों के सभी बेसिक स्कूलों के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया गया है। इसमें कासगंज भी शामिल है। जिले के परिषदीय स्कूलों को चरण वार फर्नीचर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शासन को भेजे गए निर्देश में कहा गया है कि जिले के प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में जिनमें कक्षा तीन, चार व पांच तक की कक्षाओं में फर्नीचर नहीं है। उनके लिए फर्नीचर की खरीदारी की जाए।
फर्नीचर खरीदने के लिए फर्म का चयन जैम पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा। फर्म का चयन, अनुबंध प्रक्रिया, फर्नीचर की आपूर्ति और उसके बाद भुगतान की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। समिति में सीडीओ उपाध्यक्ष होंगे। जबकि जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, डायट प्राचार्य, बीएसए एवं बेसिक शिक्षा विभाग के वित्त एवं लेखाधिकारी सदस्य होंगे। बीएसए समिति के सचिव भी रहेंगे।
क्रमवार होगी फर्नीचर खरीद प्रकिया
फर्नीचर खरीद प्रक्रिया चरण की जाएगी। जिले में प्रथम चरण में 76 विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें कक्षा तीन से पांच तक के करीब 4308 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनके लिए 1460 बेंच खरीदी जाएंगी।
मंडल के चारों जनपद शामिल
शासन द्वारा चयनित 25 जिलों में अलीगढ़ मंडल के चारों जनपद अलीगढ़, हाथरस, कासगंज व एटा को शामिल किया गया है। इसमें प्रथम चरण में अलीगढ़ के 1021 विद्यालय चयनित किए गए हैं। हाथरस के 188 विद्यालय चयनित किए गए हैं। जबकि एटा के 957 विद्यालयों का चयन किया गया है।
शासन द्वारा चयनित 25 जिलों में कासगंज भी शामिल हैं। प्रथम चरण में जिले के 76 विद्यालयों का चयन किया गया है। फर्नीचर मिलने से बच्चों को ठंड में टाट-पट्टी पर बैठकर नहीं पढ़ना पड़ेगा। - सूर्यप्रताप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी