जनसंख्या नियंत्रण की कवायद में जुटी प्रदेश सरकार ने नसबंदी कराने वाली महिला और पुरुषों को अब ज्यादा प्रोत्साहन राशि देगी। नसबंदी के लिए प्रेरित करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के लिए भी यह सुविधा है।
जनसंख्या नियंत्रित करने के लिए पूरे प्रदेश में नसबंदी कार्यक्रम चल रहा है। नसबंदी कराने पर अभी तक महिला अथवा पुरुष को प्रोत्साहन राशि के रूप में दो हजार रुपये मिलते थे। अब शासन ने तीन हजार रुपये देने का फैसला किया है।
इसी प्रकार नसबंदी कराने के लिए प्रेरित करने वाले प्रेरकों, आशाओं को 300 के स्थान पर 400 रुपये मिलेंगे। सर्जन को 200 के स्थान पर महिला नसबंदी पर 325 और पुरुष नसबंदी पर 400 रुपये मिलेंगे। नर्स और एएनएम को अभी तक 40 रुपये मिलते थे, लेकिन अब दोनो को 50-50 रुपये मिलेंगे।
ओटी सहायक को बीस के स्थान पर 25 रुपये के साथ स्वीपर को भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मिशन निदेशक ने एटा समेत प्रदेश के 54 जिलों को निर्देश जारी किए हैं।
सीएमओ कार्यालय के मुताबिक एटा जिले में वर्ष 2016-17 तक 100 महिला और 2400 पुरुषों का लक्ष्य मिला था, लेकिन पूरे साल में सिर्फ एक पुरुष और 60 महिलाओं की ही नसबंदी हो पाई।