महिलाओं में स्तन कैंसर जानलेवा बीमारी है। इसकी बड़ी वजह समय पर जांच में देरी। अब इसकी मूल जड़ को ही पकड़ लिया जाएगा। ये कार्य करेगी आधुनिक ब्रेस्ट आई मशीन। लेजर तकनीकी से कार्य करने वाली ये मशीन स्तन में कैसी भी गांठ होने पर जांच कर लेगी।
लेडी लायल में (महिला जिला अस्पताल) ये सुविधा पूरी तरह से निशुल्क है। सीएमएस डा. कल्याणी मिश्रा ने बताया कि ब्रेस्ट आई मशीन से लेजर स्तन पर छोड़ी जाएगी, इसमें गांठ होने पता चल जाएगा। गांठ की जांच कर विशेषज्ञों से इलाज कराया जाएगा। एक रुपये के पर्चा बनवाकर कोई भी महिला सुविधा का लाभ उठा सकती है।
एसएन मेडिकल कालेज के कैंसर रोग विभाग में स्तन कैंसर के हर रोज एक-दो नए मरीज रहते हैं। विशेषज्ञ डा. सुरभि गुप्ता बताती हैं कि स्तन कैंसर के मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। औसतन सप्ताह में 5-8 नए मरीज रहते हैं।
साल की बात करें तो मरीजों की संख्या 250-280 पार कर जाती है। अधिकांश मरीजों की उम्र 40 से 65 साल के मध्य रहते हैं। बताती हैं कि बीमारी के प्रति महिलाएं जागरूक हों तो काफी हद तक इसे नियंत्रित किया जा सकता है।