शनिवार शाम को अपहृत उद्योगपति संजीव गुप्ता के मोबाइल से सोमवार रात एक और मैसेज उनकी पत्नी सारिका गुप्ता को मिला। इस मैसेज में कोठी से फोर्स हटाने को कहा गया। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई जिस पर पुलिस ने उनके घर से फोर्स हटा ली। माना जा रहा है कि अपहरणकर्ता उद्योगपति के घर पर भी नजर रखे हुए हैं।
वहां पुलिसकर्मियों की आवाजाही देखकर ही उन्होंने ऐसा मैसेज भेजा है। ऐसे में उद्योगपति की तलाश में एसटीएफ के साथ अब खुफिया विभाग भी जुट गया है। घर के आसपास सादा वर्दी में पुलिस का जाल बिछा दिया है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने दोपहर करीब एक बजे संजीव गुप्ता की पत्नी सारिका गुप्ता और परिवारीजनों से पूछताछ की। सीओ टूंडला धर्मेंद्र सिंह ने होटल सागर रत्ना में पुलिस कर्मचारियों के साथ कर्मचारियों से पूछताछ कर कई जानकारियां जुटाने का प्रयास किया।
सीओ सिटी डा. अरुण कुमार पूछताछ कर जैसे ही निकले सारिका गुप्ता के पास एक मैसेज आ गया। चौकी प्रभारी राजा का ताल केपी सिंह उस समय घर के बाहर थे। चौकी प्रभारी ने मैसेज के बारे में जानकारी करनी चाही लेकिन परिवारीजनों ने मैसेज पुलिस को नहीं दिखाया।
नजदीकी लोगों का कहना है कि मैसेज में लिखा था कि घर के बाहर इतनी पुलिस क्यों तैनात कर रखी है। कोठी पर से फोर्स हटा दो। यह मैसेज संजीव गुप्ता के नंबर से ही आया था। संजीव गुप्ता के व्हाट्सएप सोमवार रात नौ बजकर 19 मिनट पर आन लाइन था। इसके बाद व्हाट्स एप ऑन नहीं हुआ है।
उद्योगपति संजीव गुप्ता के बारे में कोई जानकारी हाथ नहीं लगी है। उनके परिवारीजनों से पूछताछ की गई थी। उद्योगपति की तलाश के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। उद्योगपति को जल्द तलाश कर लिया जाएगा।-राकेश कुमार सिंह एसपी सिटी
संजीव की दिल्ली से बरामदगी की अफवाह
अपहृत उद्योगपति संजीव गुप्ता की बरामदगी की अफवाह से मंगलवार को शहर में हड़कंप मचा रहा। कोई दिल्ली से बरामदगी होने की बात कहता नजर आया तो किसी का कहना था कि संजीव गुप्ता टूंडला थाने में मौजूद है। इस चर्चा के बीच मीडिया और पुलिसकर्मियों के परिचितों के फोन की घंटी घनघनाने लगी। इसको लेकर पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया था।
इस अफवाह को शांत करने के लिए एसएसपी को सोशल मीडिया पर संजीव गुप्ता को बरामद न करने के लिए मैसेज वायरल करना पड़ा। एसएसपी द्वारा वारयल किए गए मैसेज में कहा गया कि संजीव गुप्ता की बरामदगी की कुछ लोग अफवाह फैला रहे है। पुलिस अपना कार्य कर रही है। सभी तथ्यों का पता लगाकर बरामदगी की जाएगी। संजीव गुप्ता की बरामदगी की खबर मीडिया को भी दी जाएगी।