ताजमहल और आगरा शहर को हेलीकाप्टर से दिखाने की योजना के लिए आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के नजदीक हेलीपोर्ट बनाया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) से जमीन निशुल्क ली जाएगी।
वहीं पर्यटन विभाग इससे सटी आगरा विकास प्राधिकरण की जमीन खरीदेगा। अपर मुख्य सचिव ने आगरा के साथ मथुरा, वाराणसी और प्रयागराज में पर्यटन विभाग को हेलीपोर्ट निर्माण के लिए जल्द जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
आगरा में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के पास हेलीपोर्ट प्रस्तावित किया गया है। यहां यूपीडा की 2.265 हेक्टेयर जमीन पर्यटन विभाग को निशुल्क दी जाएगी। यूपीडा की खसरा संख्या 615 से लगी आगरा विकास प्राधिकरण की 0.429 हेक्टेयर जमीन को पर्यटन विभाग 94.33 लाख रुपये में खरीदेगा।