मैनपुरी। शासन के निर्देश और बार-बार चेतावनी के बाद भी जिले के प्रधानाचार्य और प्रबंधक लापरवाही कर रहे हैं। कोरोना महामारी के दौरान मरने वाले शिक्षकों और कर्मचारियों के भुगतान की कार्रवाई न होने पर शासन ने नाराजगी जताई है। शासन की नाराजगी के बाद प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक नाजर सिंह ने जिले के छह कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को नोटिस जारी किया है। 14 जून तक पत्रावलियां उपलब्ध न कराने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
कोरोना महामारी के बीच मरने वाले कोरोना संक्रमित और गैर संक्रमितों के देयक भुगतान को लेकर शासन ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। शासन प्रतिदिन उनकी प्रगति की समीक्षा भी कर रहा है। ऑनलाइन समीक्षा बैठक में शुक्रवार को जिले में मृतकों के देयक भुगतान की धीमी गति पर निदेशक माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नाराजगी प्रकट की है। निदेशक की नाराजगी के बाद प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक नाजर सिंह ने जिले के छह कॉलेजों को नोटिस जारी कर 14 जून तक हर हाल में मृतकों की पत्रावलियां जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपलब्ध कराने की चेतावनी दी है।
------
इन कॉलेजों को जारी हुआ नोटिस
- श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, मैनपुरी
- देवनागरी इंटर कॉलेज, कुरावली
-नेशनल इंटर कॉलेज, भोगांव
-डीएवी इंटर कॉलेज, आर्यपुर खेड़ा
-श्री एकरसानंद आदर्श इंटर कॉलेज, मैनपुरी
-सरस्वती इंटर कॉलेज, अजीतगंज
वर्जन
शासन से लगातार मृतकों के भुगतान के संबंध में समीक्षा की जा रही है। जिले के संबंधित प्रधानाचार्यों को कई पत्र जारी किए जा चुके हैं लेकिन इसके बाद भी कुछ लोग लापरवाही कर रहे हैं जिन्हें उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नोटिस जारी किया गया है। -नाजर सिंह प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक