मैनपुरी। चेतावनी के बाद भी प्रधानाचार्य यू डाइस प्लस पर छात्र प्रोफाइल पूरा नहीं कर रहे हैं। जिले के सात विकास खंड के 107 कॉलेजों को जिला विद्यालय निरीक्षक ने नोटिस जारी किया है। तीन दिन में प्रोफाइल तैयार करने का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा सत्र 2024-2025 में जिले के सभी कॉलेजों को यू डाइस प्लस पर सभी छात्र-छात्राओं को प्राेफाइल तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। जिले के 107 कॉलेजों ने अभी तक छात्र प्रोफाइल तैयार करने का कार्य पूरा नहीं किया है। अधूरे छात्र प्रोफाइल के कारण जिला विद्यालय निरीक्षक को उच्चाधिकारियों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। जिले के 107 कॉलेजों ने तीन हजार से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रोफाइल पूर्ण नहीं किए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने संबंधित कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर छात्र प्रोफाइल का कार्य पूरा करने की चेतावनी दी है।
किस विकास खंड में कितने कॉलेजों ने नहीं तैयार किया प्रोफाइल
किशनी- 56
सुल्तानगंज- 21
घिरोर- 13
करहल- 07
कुरावली- 05
मैनपुरी शहर- 03
मैनपुरी देहात- 02
जिन कॉलेजों ने यू डाइस प्लस पोर्टल पर छात्र प्रोफाइल पूर्ण नहीं किया है वे तीन दिन में कार्य पूरा करें। अन्यथा की स्थिति में उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए क्षेत्रीय कार्यालय मेरठ को लिखा जाएगा। - सतीश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक