मैनपुरी। जिले के 222 कॉलेजों ने निर्धारित तिथि तक यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 का डाटा अपलोड नहीं किया। इससे बोर्ड परीक्षा की जनपद स्तरीय तैयारियां पूरी नहीं हो पा रही हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने लापरवाह कॉलेज संचालकों को नोटिस जारी करते हुए जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजी हैं।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2021 के लिए सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए थे कि वह जरूरी जानकारी पांच दिसंबर तक परिषद की वेबसाइट पर विद्यालय के कोड के अनुसार अपलोड कराना सुनिश्चित करें। सचिव के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने भी कॉलेज संचालकों को डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए थे।
निर्धारित तिथि पांच दिसंबर तक जिले के 497 कॉलेजों में से मात्र 275 कॉलेजों ने ही डाटा अपलोड किया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने 222 कॉलेजों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि यदि अब तारीख नहीं बढ़ती है और उनके कॉलेजों के छात्र-छात्राओं का सेंटर दूर जाने की संभावना ज्यादा है।
परिषद ऑनलाइन करेगा केंद्र निर्धारण और आवंटन
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बीते वर्ष से ऑनलाइन केंद्र निर्धारण किया जा रहा है। इसके लिए सभी कॉलेजों को अपना डाटा और व्यवस्थाओं की जानकारी देशांतर और अक्षांश के साथ अवगत करानी थीं। पांच दिसंबर तक सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को डाटा अपलोड और अपडेट करना था।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ऑनलाइन केंद्र निर्धारण और छात्र आवंटन करेगा। इसके लिए सभी कॉलेजों को पांच दिसंबर तक डाटा अपलोड करने के निर्देश दिए गए थे। बड़ी संख्या में कॉलेजों ने डाटा अपलोड नहीं किया है। इसकी जानकारी सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दी गई है। साथ ही कॉलेजों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
मनोज कुमार वर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक