आगरा। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के विद्युत वितरण मंडल फतेहाबाद में हुए 30 करोड़ से ज्यादा के टेंडर घोटाले में आरोपी फर्मों पर कार्रवाई की तैयारी है। विभाग ने आरोपी फर्म मालिकों को नोटिस जारी किया है। फर्म मालिकों के जवाब के आधार पर विभाग रिकवरी और ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई पर फैसला करेगा।
विद्युत वितरण मंडल फतेहाबाद के अधीक्षण अभियंता सोमवीर सिंह की ओर से दर्ज प्राथमिकी में दो अधीक्षण अभियंताओं (एसई) सहित 19 लोगों को आरोपी बनाया गया। इसमें कहा गया कि घपले के मुख्य आरोपी शिविर सहायक नीरज पाठक ने ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का काम किया। घपले के दौरान तैनात रहे अधीक्षण अभियंता विनोद कुमार, अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार, अधीक्षण अभियंता रविकांत मिश्रा व डीएन प्रसाद के अलावा तत्कालीन लेखाकार सतीश कुमार ने गड़बड़ी पर आंखें मूंदे रखीं। बिना सही प्रक्रिया अपनाए करोड़ों रुपये के टेंडर जारी कर दिए। इससे फर्मों को मोटा मुनाफा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, विभाग ने अब फर्मों पर विभागीय कार्रवाई की कवायद शुरू कर दी है। मुख्य अभियंता आगरा जोन कपिल सिंधवानी ने बताया कि फर्मों से जवाब लेकर कार्रवाई तय की जाएगी।
ये फर्में हैं आरोपी
मां दुर्गा कंस्ट्रक्शन फर्म, सीडीआरएम पावर प्राइवेट लिमिटेड, कृष्णा इलेक्ट्रिकल्स एंड कांट्रेक्शन फर्म, शिवा इंटरप्राइजेज, ऋषि एंटरप्राइजेज, रघुवीर कॉन्ट्रैक्टर्स, चौहान एंटरप्राइजेज, आरएस एंटरप्राइजेज, श्री महाकाल एंटरप्राइजेज, मेसर्स न्यूटेक इलेक्ट्रिकल्स, अमोघ एसोसिएट्स, मेसर्स समाधिया एंटरप्राइजेज, मेसर्स भोले एंटरप्राइजेज