कासगंज में प्रशासन द्वारा हटवाया गया नाले पर किया गया अतिक्रमण
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। फोरलेन सड़क के लिए कराए जा रहे नाला निर्माण में विवाद पैदा हो गया है। अतिक्रमण हटाने में हुई अनदेखी से विवाद के हालात बने हुए हैं। एसडीएम ने मौके का मुआयना किया तो नाले की खोदाई मानक के विपरीत मिली है। इस पर जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है और ठेकेदार पर जुर्माना तय किया जा रहा है। फोरलेन किनारे नाला निर्माण का काम बिलराम गेट क्षेत्र में फिलहाल रोक दिया गया है।
शनिवार को बिलराम गेट क्षेत्र में फोरलेन सड़क किनारे नाला निर्माण के लिए हटाए जा रहे अतिक्रमण को लेकर विवाद हो गया। भवन स्वामियों ने मनमाने ढंग से अतिक्रमण हटाने का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। रविवार को एसडीएम ललित कुमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पाया कि मानक के विपरीत नाले के निर्माण के लिए खोदाई कराई जा रही थी। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को दिए हैं। साथ ही ठेकेदार पर जुर्माना तय करने को कहा है।
फिर से होगा मानक का निर्धारण
फोरलेन सड़क निर्माण के लिए बनाए जा रहे नाले में मानक का निर्धारण नए सिरे से होगा। इसके लिए एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। कहा है कि कहीं भी किसी हाल में अनदेखी के कारण विवाद उत्पन्न नहीं होना चाहिए। नियमानुसार ही नाले का निर्माण कराया जाए और अतिक्रमण भी मनमाने ढंग से न हटाए जाएं।
दूसरे दिन भी हुआ विरोध
अतिक्रमण में मनमानी के आरोप में दूसरे दिन भी विरोध हुआ। विरोध के कारण काम नहीं हो सका। हालांकि लोक निर्माण विभाग के संबंधित अवर अभियंता ने भवन स्वामियों से बातचीत की। भरोसा दिया कि उनकी समस्या का समाधान करने के बाद की काम किया जाएगा।
वर्जन-
- नाला निर्माण में मानकों की अनदेखी हुई है। इसी कारण बिलराम गेट क्षेत्र में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ठेकेदार पर जुर्माना तय कराया जा रहा है। - ललित कुमार, एसडीएम।