शहर में पानी की किल्लत का मुद्दा एत्मादपुर विधायक डाक्टर धर्मपाल ने मंगलवार को विधान सभा में उठाया। इस पर नगर विकास मंत्री आजम खां का बड़ा ही चौंकाने वाला बयान सामने आया। विधायक ने कहा कि पानी के लिए आगरा में आए दिन मारपीट हो रही है, हत्या तक हो चुकी है। इस पर आजम ने कहा, पानी के लिए किसी की मृत्यु हो जाने या मरपीट होने जैसी घटना उनके संज्ञान में नहीं है।
एत्मादपुर के विधायक डा. धर्मपाल ने विधानसभा में पूछा था कि आगरा में पेयजल की भीषण से निजात दिलाने के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है? इस पर चर्चा करते हुए नगर विकास मंत्री आजम खा ने कहा कि आगरा की जलापूर्ति यमुना पर निर्भर है। गर्मियों में रा वाटर न्यूनतम स्तर पर पहुंच जाता है। उसके बावजूद ड्रेजर चलाकर आपूर्ति की जाती है। पानी की किल्लत न हो इसके लिए 2887 करोड़ की गंगाजल योजना और जेनर्म से करीब 102.99 करोड़ रुपये के कार्य कराए जा रहे हैं। त्वरित पेयजल योजना के तहत 33.79 करोड़ भी स्वीकृत किए हैं।
थीम पार्क के लिए अधिगृहण का मुद्दा उठाया
आगरा। डा. धर्मपाल सिंह ने विधान सभा में थीम पार्क और इनर रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर सवाल उठाएं है। उनका कहना है कि एक तो किसानों की जमीनों को कौड़ियों के मोल लिया जा रहा है। दूसरा मुआवजा वितरण में भी नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कहीं कृषि क्षेत्र को कागजों में आबादी दिखाया जा रहा है तो कहीं फर्जी किसान बनाकर मुआवजा बांटा जा रहा है। धारा चार प्रकाशित होने के बाद भी धड़ाधड़ रजिस्ट्री की जा रही हैं। सबसे अहम बात है कि शासनादेश के अनुसार कि किसानों को प्रति एकड़ करीब 2,76,200 रुपये दिए जाने थे लेकिन अभी तक इसका भुगतान नहीं किया गया है। यह गंभीर विषय है