आगरा। शहर में दिन तो दिन अब रात में भी जाम से लोगों को रूबरू होना पड़ रहा है। एमजी रोड, फतेहाबाद रोड, माल रोड, सिकंदरा और वाटरवर्क्स चौराहे पर यह समस्या ज्यादा है। इन जगहों पर दिन में भी लोग परेशान हो रहे हैं।
दिल्ली हाईवे पर सिकंदरा सब्जी मंडी के पास लोडिंग वाहनों के खड़े होने और रामबाग से वाटरवर्क्स चौराहे तक कुछ मिनटों का रास्ता रात में पार करना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। फतेहाबाद और माल रोड पर सोमवार को पूरे दिन वाहनों को रेंग कर निकलना पड़ा। एमजी रोड के हरीपर्वत पर मेट्रो की बैरिकेडिंग से वाहनों को निकलने में परेशानी हुई। इस दौरान यातायात पुलिस के इंतजाम फेल नजर आए।
सहालग की वजह से रात के समय जाम लग रहा है। साथ ही सिकंदरा सब्जी मंडी के बाहर सर्विस रोड पर लोडिंग वाहनों के खड़े होने से राहगीर जाम में फंस रहे हैं। फतेहाबाद रोड पर रविवार को ताजमहल आने वाले पर्यटक दिन में जाम में फंस गए। काफी मुश्किलों का सामना कर ताजमहल देखने के बाद जब आगरा किला जाने लगे तो माल रोड पर लगी वाहनों की कतारों ने उन्हें परेशान किया। निर्माण कार्यों की वजह से फतेहाबाद रोड पर मार्ग संकुचित हो गया है।