रेल यात्रियों से जानकारी लेते महाप्रबंधक
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एमसी चौहान ने गुरुवार को आगरा कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। वो रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नजर आए। इसके लिए उन्होंने स्टेशन अधीक्षक को 10 हजार रुपए का इनाम दिया।
वहीं खामियां मिलकर पर जीएम ने अफसर और कर्मचारियों को फटकार भी लगाई। इस दौरान उन्हें वातानुकूलित यात्री वेटिंग रूम में खासी भीड़ थी। यात्री कागज बिछाकर जमीन पर बैठे थे। एसी कूलिंग नहीं कर पा रहे थे।
महाप्रबंधक शाम पांच बजे स्पेशल ट्रेन से आगरा कैंट स्टेशन पहुंचे। उन्होंने हाल में शुरू हुए एक्जिक्यूटिव लाउंज में व्यवस्थाएं देखीं। रसोई में जाकर खानपान की साफ-सफाई को देखा।
लांउज को बेहतर बताया
जीएम ने रेल यात्रियों से भी फीड बैक लिया। यात्रियों ने लाउंज को बेहतर बताया। इसके बाद जीएम ने द्वितीय श्रेणी, प्रथम श्रेणी और महिला प्रतीक्षालयों में पहुंच कर यात्रियों से बातचीत की।
एसी वेटिंग रूम में एसी कूलिंग नहीं कर पा रहा था। एक रूम में लाइट भी खराब थी, जिस पर उन्होंने अफसरों को फटकार लगाई। अन्य वेटिंग रूम में यात्री जमीन पर बैठे हुए थे। इस पर बेंच बढ़ाने के निर्देश दिए।
जीएम ने खानपान के स्टालों पर खाद्य सामग्री चेक की। पेटीज देखकर पूछा, यह सड़ी हुई तो नहीं है। जनता खाना के पैकेट को खोलकर उसकी गुणवत्ता चेक की। स्टॉल वालों से रेट लिस्ट लगाने को कहा।
रेलवे स्टेशन की पार्किंग पर लगे अंडर व्हीकल सिक्योरिटी सिस्टम को चेक किया। इसे बेहतर बताया। स्टेशन के बाहर खाली पड़ी जमीन पर पेड़-पौधे लगाने और उसे विकसित करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने आरपीएफ थाने, टिकट खिड़कियों पर पहुंचकर टिकट की बिक्री के बारे में भी जानकारी हासिल की। इस दौरान एडीआरएम डीके सिंह, सीनियर डीसीएम आशुतोष सिंह, डीसीएम डॉ. संचित त्यागी आदि मौजूद रहे।