मथुरा। किसान दिवस में किसानों ने बारिश के मौसम मेें भी माइनर, रजबहा में पानी न मिलने की शिकायत की, वहीं सरसों खरीद के महीनों बाद भी भुगतान न मिलने पर हल्ला मचाया।
बुधवार को राजीव भवन के सभागार में सीडीओ रामनेवास की अध्यक्षता में लगे किसान दिवस में धर्मपुरा के ज्ञान सिंह, बेरी के जसवंत, कारब से मोहन सिंह, सिहोरा के देवेेंद्र सिंह, नगला तेजा के पूरन सिंह ने कहा कि बलदेव, राया, नौहझील, ओल, फरह के रजबहा व माइनरों में पानी नहीं है। जैसे तैसे किसानों ने धान की रोपाई कराई है, अब फसल सूख रही है। बारिश भी नहीं हो रही, फसल बचाना मुश्किल हो रहा है। अहमल के पूर्व प्रधान किसान फौरन सिंह ने कहा कि उन्होंने 30 मई को 102 क्विंटल सरसों मंडी समिति के खरीद केंद्र पर बेची, लेकिन अब तक भुगतान नहीं हुआ, लोहई के सतेंद्र, जुल्हेंदी के प्रोफेसर नवाब सिंह, ककरेटिया के हाकिम सिंह ने नहरों की सफाई ठीक से न होने, बाजरा की खरीद को केंद्र न खोले जाने, न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम पर किसानों की फसल खरीद न कराने को लेकर ठोस इंतजाम कराने की मांग अफसरों से की। इस पर सीडीओ ने किसानों की बात प्रदेश सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस दौरान उपकृषि निदेशक धुरेंद्र कुमार व सिंचाई अधिकारी मौजूद रहे।