प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को स्मार्ट बनाने के दावे कर रही है, लेकिन फतेहाबाद क्षेत्र का प्राथमिक विद्यालय धारापुरा आज भी बिजली जैसे बुनियादी अधिकार के लिए संघर्ष कर रहा है। आवेदन और 60 हजार रुपये भुगतान के तीन साल बाद भी बिजली विभाग ने स्कूल में कनेक्शन नहीं जोड़ा है। भीषण गर्मी के बीच मासूम बच्चे कक्षाओं में कॉपी-किताबों से हवा करने को मजबूर हैं।
प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने बताया कि नए विद्युत कनेक्शन के लिए जुलाई 2021 में ही आवेदन किया गया था। विभाग ने 59,357 रुपये का एस्टीमेट जारी किया, जिसे लंबी जद्दोजहद के बाद पंचायती राज विभाग ने 8 अगस्त 2024 को विद्युत विभाग के खाते में जमा भी कर दिया, लेकिन भुगतान के कई महीनों बाद भी स्कूल में बिजली नहीं जली।
प्रधानाध्यापक के अनुसार वह 17 अगस्त 2024 से लगातार विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। अवर अभियंता स्टोर में सामान नहीं होना बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं। विभाग की इस हीलाहवाली का खामियाजा उन बच्चों को भुगतना पड़ रहा है। बच्चे उमस और गर्मी के कारण कक्षाओं में परेशान रहते हैं।
एसडीएम से लगाई गुहार
विभागीय अधिकारियों की अनदेखी से तंग आकर प्रधानाध्यापक ने मंगलवार को एसडीएम फतेहाबाद स्वाति शर्मा से मुलाकात कर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मांग की है कि मासूम बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल विद्यालय में बिजली कनेक्शन सुनिश्चित किया जाए।