आगरा में महिलाओं के साथ बढ़ते अपराध पर समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ ‘थू-थू’ अभियान चलाया। विधायक के नाती द्वारा ग्रेटर नोएडा की युवती के साथ की गई अभद्रता पर रोष व्यक्त किया। गुस्साए सपाइयों ने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों के परिजन ही ऐसी वारदातों को अंजाम देंगे तो अपराध कैसे रुकेंगे।
गुरुवार को फतेहाबाद रोड स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर पार्टी महानगर अध्यक्ष चौधरी वाजिद निसार के नेतृत्व में सपाइयों ने यह अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में महिलाओं असुरक्षित हैं। बहू-बेटियां घर से बाहर निकलने में डरने लगी हैं।
भाजपा नेता अपनी ही सरकार में बेनकाब हो चुके हैं। जब विधायक के नाती और परिजन ही जनता का उत्पीड़न करेंगे, युवतियों के साथ अभद्रता करेंगे तो कानून का राज कहां से स्थापित हो पाएगा। जनता इनकी कथनी और करनी में फर्क समझ चुकी है। विरोध प्रदर्शन करने वालों में महासचिव गौरव जैन, मनीष शर्मा, किशन यादव, सतीश चाहर, मनमोहन शर्मा, सौरभ खुराना, याकूब खान, पुनीत बघेल आदि मौजूद थे।