डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएड सत्र 2004-05 फर्जीवाड़े में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) की ओर से उपलब्ध कराई सूची 28 दिसंबर को सार्वजनिक कर दी थी। 15 दिन के अंदर सूची में शामिल छात्र-छात्राओं से जवाब मांगा गया था। तीन दिन में (29 से 31 दिसंबर तक) विश्वविद्यालय को एक भी छात्र का जवाब प्राप्त नहीं हुआ है।
विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर डाली गई सूची में 4704 छात्र-छात्राओं के नाम शामिल हैं। इनको तीन श्रेणी में रखा गया है- फर्जी, टेंपर्ड और एक रोलनंबर पर एक अधिक छात्रों की सूची। विश्वविद्यालय ने सूची में शामिल छात्र-छात्राओं से ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरीके से जवाब मांगे गए हैं।
ऑनलाइन जवाब देने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर लिंक दिया गया है। इस पर छात्रों को अपना रोलनंबर डालना होगा। इसके बाद फार्मेट खुल जाएगा, इस पर कुल 22 बिंदुओं पर सूचना उपलब्ध करानी है। ऑफलाइन दिए जाने वाले प्रत्यावेदन को संबंधित कॉलेज से अग्रसारित कराना है।