आगरा। नगर निगम ने बकायेदारों पर शिकंजा कसते हुए दिल्ली गेट और राजामंडी क्षेत्र में मंगलवार को सात दुकानों पर ताले जड़ दिए। लंबे समय से किराया जमा न करने पर यह कार्रवाई की गई है।
सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय के नेतृत्व में चले इस अभियान के तहत दुकान संख्या 8, 44, 45 और 46 पर तालाबंदी की गई, जिन पर हजारों का किराया बकाया था। इसके अलावा छीपीटोला स्थित अरिहंत बाजार में दुकान संख्या 18, 21 और 34 को भी सील किया गया। इन दुकानों पर 18 हजार से लेकर 87 हजार रुपये तक का बकाया था। बार-बार नोटिस के बाद भी भुगतान न करने पर यह कदम उठाया गया। शहर में निगम की 800 से अधिक दुकानें हैं, जो राजस्व का मुख्य स्रोत हैं। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बकाया जमा न करने वालों पर आगे भी ऐसी ही कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ब्यूरो