आगरा में कोरोना संक्रमण के नए मामले थम गए हैं, लेकिन संक्रमितों की मौत के आंकड़े लगातार सामने आ रहे हैं। शनिवार को नौ मृतकों का ब्यौरा और दर्ज होने से मृतकों की संख्या 364 हो गई है। बीते 24 घंटे में 57 नए संक्रमित मिले हैं। जिले में 8.53 लाख लोगों की जांच में अब तक 25314 मरीज मिले हैं, जिनमें 23971 ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 980 सक्रिय मरीज हैं।
मृत किसान की पत्नी समेत दो मिले संक्रमित
फतेहपुर सीकरी विकास खंड क्षेत्र के गांव बसेरी काजी में गुरुवार की शाम 46 वर्षीय किसान की मौत हो गई थी। परिजनों के मुताबिक वह कोरोना से संक्रमित थे। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग टीम ने गांव पहुंचकर मृतक के परिजनों और पड़ोसियों की एंटीजन जांच की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी के मुताबिक एंटीजन जांच में मृतक किसान की पत्नी और एक पड़ोसी संक्रमित मिला। दोनों संक्रमितों को होम आइसोलेट करने के साथ उनके परिवारीजनों को भी दवाइयों की किट उपलब्ध करा दी गई है।