आगरा की थाना छत्ता पुलिस ने जीन खाना से नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नकली मोबिल ऑयल को कंपनी के रैपर लगाकर डिब्बों में भरकर बेचते थे। दुकानदारों से असली मोबिल आयल की कीमत ली जाती थी। आरोपियों से नकली मोबिल ऑयल भी बरामद किया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जीन खाना निवासी शमीम के मकान में नकली मोबिल ऑयल बनाया जा रहा है। इस पर पुलिस रविवार को मकान पर दबिश दी। इस दौरान नौ लोगों को पकड़ लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील दत्त के मुताबिक, आरोपियों में गुलाब खाना, कालामहल निवासी जकी अहमद, मोहम्मद साहिल, इफाम, जीन खाना निवासी अनीस, सलीम, मोहसिम, इरफान, सिंगी गली निवासी आकाश और नई आबादी निवासी सादिक हैं।
यह सामान हुआ बरामद
वहीं फरार आरोपियों में जीन खाना निवासी हाजी शमीम, रिजवान और तीन अज्ञात आरोपी हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 36 पेटी मोबिल ऑयल, इंजन ऑयल के तीन ड्रम, खाली डिब्बे, इलेक्ट्रो सीलिंग मशीन, बाल्टी, ढक्कन, सील, स्टीकर आदि उपकरण बरामद हुए। आरोपी पुराना मोबिल ऑयल खरीदकर लाते थे।
इसके बाद नामी कंपनी के रेपर को डिब्बे पर चिपकाकर भर देते थे। इसके बाद नए की कीमत पर दुकानों पर सप्लाई करते थे। गैंग का सरगना जकी अहमद है। हाजी शमीम और रिजवान माल की सप्लाई करते हैं। 23 हजार रुपये में एक ड्रम आयल खरीदकर लाते हैं। इसके पैकिंग करके 46 हजार रुपये तक में बेचते हैं।