मैनपुरी। सर्दी बढ़ने के साथ ही जिले में निमोनिया और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में निमोनिया से पीड़ित दो बच्चों की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में अस्पताल में अस्थमा से पीड़ित 11 और निमोनिया से पीड़ित छह मरीजों को भर्ती कराया गया। कुर्रा थाना क्षेत्र के गांव नगला अनी निवासी माही कुमार के दो माह के पुत्र चिराग को पिछले कुछ दिनों से निमोनिया की दिक्कत थी। परिजन उसका एक निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे।
बुधवार की रात उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिछवां के मोहल्ला विद्यार्थीपुरम निवासी रतन सिंह की आठ माह की पुत्री सोमवती पिछले कुछ दिनों से निमोनिया से पीड़ित थी। बुधवार की रात सोमवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने सोमवती को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल से निमोनिया से पीड़ित तीन अन्य बच्चों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया है। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. जेजे राम का कहना था कि दोनों बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया था। लक्षणों के अनुसार वे निमोनिया से पीड़ित थे।