मैनपुरी। सर्दी बढ़ने के साथ ही जिले में निमोनिया और अस्थमा के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। शुक्रवार को अस्थमा और निमोनिया से पीड़ित 17 लोग अस्पताल में भर्ती करवाए गए हैं। साथ ही अस्पताल में 627 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
शुक्रवार को सुबह से ही जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। इनमें 206 मरीज सर्दी जनित बीमारियां, कोल्ड डायरिया, बुखार, जुकाम, निमोनिया, अस्थमा आदि से पीड़ित थे। अस्पताल में 17 मरीज निमोनिया और अस्थमा से पीड़ित होने पर भर्ती कराए गए।
इनमें से पांच मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। सीएमएस डॉ.आरके सागर ने मरीजों की संख्या बढ़ती देख चिकित्सकों को निर्देश जारी किए हैं कि वे निर्धारित समय तक अपने कक्ष में बैठकर मरीजों को उपचार दें। कॉल पहुंचने पर तुरंत मरीज को उपचार देने अस्पताल पहुंचें।
----
बुजुर्गों और बच्चों का रखें ख्याल
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. जेजे राम ने कहा कि यह मौसम बुजुर्गों और बच्चों के लिए खतरनाक है। बुजुर्गों की विशेष देखभाल की जाए। बच्चों को सुबह-शाम नंगे पैर न घूमने दिया जाए। जरा भी दिक्कत होने पर विशेषज्ञ चिकित्सक से उपचार दिलाया जाए।