आगरा के शाहगंज के सराय ख्वाजा इलाके में चोरों की दहशत से लोग रातभर जागकर गश्त कर रहे हैं। मोहल्लों में चोर-चोर का शोर मचने से नींद हराम, पुलिस ने बढ़ाई गश्त।
चोर-चोर, पकड़ो-पकड़ो...। सराय ख्वाजा के आधा दर्जन मोहल्लों में रोजाना यही आवाज सुनाई दे रही है। लोग रात में 12 से तड़के 4 बजे तक घरों के बाहर और छत पर गश्त करते हैं। अंजान व्यक्ति नजर आता है तो उसके पीछे दाैड़ने लगते हैं। इसके पीछे वजह एक ही है चोरों की चहलकदमी। लोगों का कहना है कि अक्सर संदिग्ध नजर आ रहे हैं। अगर कोई पीछा करता है घर से कूदकर भाग जाते हैं।
विज्ञापन
होटल व्यवसायी आसिफ खान ने बताया कि वह दो दिन पहले वह छत पर बैठे हुए थे। तभी मोहल्ले में शोर होने लगा। वह दाैड़कर आए। तभी एक व्यक्ति भागता नजर आया। वह छत से उतर रहा था। गली में आने के बाद चला गया। कुछ लोग उसके पीछे दाैड़े, लेकिन वो अंधेरे में चला गया। इस वजह से लोग सो नहीं पा रहे हैं। घरों और गलियों की चाैकीदारी में लगे हुए हैं। एक ही मोहल्ला नहीं, बल्कि सराय ख्वाजा, रसूलपुर, मेहराब खां, ख्वासपुरा, कमला खां में इसी तरह से लोग परेशान हैं।
बड़ी वारदात को दे सकते हैं अंजाम
कंचन, अर्जुन कुशवाह ने बताया कि 1 सप्ताह से क्षेत्र में दहशत है। चर्चा है कि एक गिरोह सक्रिय हो गया है। यह कच्छा-बनियानधारी हो सकता है। वह अंधेरे में घर की छत और गली में आते हैं। शरीर पर काला पदार्थ लगा होने की वजह से नजर नहीं आते हैं। गली में ज्यादातर लोग घरों की छत और कमरा खोलकर सोते हैं। ऐसे में यह गिरोह बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है।
घरों में दो लोग जागकर काट रहे हैं शिवा ने बताया कि वह लोग घर में बैठे हुए थे। तभी शोर होने लगा। जब वो बाहर आए तो एक व्यक्ति भागता नजर आया। पड़ोसी के घर की खिड़की के ऊपर लगा पत्थर भी टूट गया। सभी लोगों ने अंजान व्यक्ति को भागते हुए देखा। डर की वजह से घरों में सभी लोग टार्च ले आए हैं। दूर से देखते रहते हैं। डंडे भी पास में रखते हैं। जिससे कोई पास आए तो पकड़ा जा सके। रात में 12 से तड़के 4 बजे तक लोग जगह-जगह झुंड में गश्त करते हैं। घरों में दो लोग जागकर काटते हैं।
मोहल्लों में भेजी जाएगी पुलिस
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि सराय ख्वाजा पुलिस चाैकी की पुलिस को मोहल्लों में भेजा जाएगा। पीआरवी की गश्त को बढ़ाया जाएगा। अगर किसी तरह की समस्या है तो लोग सीधे पुलिस के 112 नंबर पर काॅल कर सकते हैं। तत्काल पुिलिस पहुंचेगी। अगर किसी तरह का गिरोह सक्रिय है तो उसे टीम लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।