कासगंज के जीजीआईसी में एनआईईएलआईटी की परीक्षा देते छात्र-छात्राएं।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईईएलआईटी) की परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। पहले दिन आठ परीक्षार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। शासन के आब्जर्वर परीक्षा में पूरी नजर बनाए रहे। कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते नहीं पकड़ा गया।
एनआईईएलआईटी की परीक्षा के लिए जिला में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कासगंज को केंद्र बनाया गया है। पहले दिन की परीक्षा के लिए 101 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। इनमें से 93 परीक्षार्थी अपनी परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र पर पहुंचे।
दोपहर 2 बजे से परीक्षा आरंभ हुई। परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष तक पहुंचने में दिक्कत न हो इसके लिए पूरी व्यवस्था की गई। परीक्षा में पहुंचने वाले परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। इसके साथ ही शासन से आए आब्जर्वर एसबी पाल परीक्षा के दौरान पूरी नजर बनाए रहे। सीसीटीवी कैमरे से भी परीक्षार्थियों पर नजर रखी गई। केंद्र व्यवस्थापक कॉलेज प्राचार्य राजेश यादव ने बताया कि परीक्षा 25 अगस्त तक चलेगी।