विवाहिता ने माैत से पहले लिखा सुसाइड नोट।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद के नारखी थाना क्षेत्र के पचवान स्थित कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार को एक नवविवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका फंदा लगाने से पहले एक भावुक सुसाइड नोट छोड़ गई है, वहीं पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले उसने वाराणसी के एक मोबाइल नंबर पर करीब 38 मिनट तक बातचीत की थी। फिलहाल आत्महत्या की असली वजह का राज गहराया हुआ है और पुलिस सर्विलांस व जांच के जरिए कारण जानने में जुटी है। सुसाइड नोट में लिखा था - हो सके तो माफ करना।
वाराणसी जिले के गांव लोहता निवासी प्रिया (26) की शादी करीब आठ माह पूर्व पचवान कांशीराम कॉलोनी निवासी छोटू के साथ हुई थी। मंगलवार को पति छोटू अपने काम पर चला गया था। इसके बाद प्रिया ने कमरे में पंखे के कुंडे से दुपट्टे का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। देर शाम जब पति घर लौटा तो उसने शव को फंदे पर लटका देखा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतका प्रिया ने फंदे पर लटकने से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है। इसमें उसने लिखा है कि हो सके तो माफ करना। मैं जीना नहीं चाहती थी। तुम लोग निर्दोष हो, मैं किसी और वजह से यह कदम उठा रही हूं। मेरा भतीजा मिस यू... मुझे मेरी फैमिली की बहुत याद आती थी।
38 मिनट की कॉल से खुलेगा राज
पुलिस की जांच में यह अहम बात सामने आई है कि फंदा लगाने से पहले प्रिया की वाराणसी के ही एक मोबाइल नंबर पर करीब 38 मिनट तक लगातार बात हुई थी। इस लंबी बातचीत के बाद ही उसने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस अब उस नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि उस दौरान उसकी किससे और क्या बातचीत हुई थी।
फंदे पर लटकने से महिला की मौत हुई है और शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। मौके से मिले सुसाइड नोट और कॉल डिटेल की गहनता से पड़ताल की जा रही है। -अरुण कुमार चौरसिया, सीओ, टूंडला