आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। शादी 4 फरवरी को हुई थी। पांच दिन पहले उन्हें पति मायके से लेकर आया था। मायके पक्ष ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है।
मलपुरा नहर निवासी बाइक मैकेनिक रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि 4 फरवरी को बेटी मोनिका (19) की शादी ताजगंज के 100 फुटा रोड स्थित खिन्नी का बाग निवासी नितिन ओझा पुत्र नरेंद्र के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। नितिन और उसकी मां रजनी, बेटी को मायके वालों से बात नहीं करने देते थे। जेठ-जेठानी और देवर ताने मारते थे।
विवाद के बाद बेटी 10 दिन पहले मायके आई थी। पांच दिन पहले सोमवार को दामाद नितिन घर आए और मोनिका को दबाव बनाकर साथ ले गए। ससुराल में बेटी का मोबाइल ले लिया था। शर्त रखी कि जब वो अपने फोन से बात कराएं तभी उनके सामने ही मायके वालों से बात की जाए। शुक्रवार को 2:45 बजे दामाद ने कॉल कर बेटी के आत्महत्या करने की सूचना देकर फोन काट दिया। जब वह परिजन के साथ पहुंचे, तब तक पुलिस शव को कब्जे में ले चुकी थी। मोनिका के भाई सूरज ने बताया कि घटना की जो फोटो उन्हें मिली हैं। उनमें बेटी का सीधा पैर पलंग पर है और उल्टा पैर मुड़ा हुआ कुर्सी पर है। आरोपियों ने उसकी हत्या कर शव लटकाया है।
शादी के लिए की थी मेडिकल स्टोर में नौकरी
सूरज ने बताया कि रिश्ता तय होने के दौरान नितिन और उसके परिजन ने नितिन को मेडिकल स्टोर पर नौकरी और साथ में कंपाउंडर का काम करने की जानकारी दी थी। शादी के बाद पता चला कि नितिन की शादी कराने के लिए उसके परिजन ने नौकरी पर बिठाया था। शादी तय होने के बाद ही उसने नौकरी छोड़ दी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
परिजन के आरोप पर चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर के आधार पर पति और सास-ससुर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार हो रहा है। उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - पियूष कांत राय, एसीपी ताज सुरक्षा