मैनपुरी के निजी अस्पताल में पैदा हुए जुड़वा बच्चों ने जन्म के कुछ समय बाद दम तोड़ दिया। बच्चों की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रशासन ने रुपये जमा न करने पर बच्चों को ऑक्सीजन नहीं दी। इससे उनकी मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
जनपद एटा के थाना जैथरा क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी सत्यपाल रविवार की रात करीब 10:30 बजे गर्भवती पत्नी सीमा को प्रसव पीड़ा होने पर उत्तम नर्सिंग होम में लेकर पहुंचे। वहां सीमा ने जुड़वां बेटों को जन्म दिया। इस बीच दवाई आदि में सत्यपाल के काफी रुपये खर्च हो चुके थे।
सत्यपाल के अनुसार अस्पताल स्टाफ ने कहा कि बच्चों को ऑक्सीजन की जरूरत है। इस पर सत्यपाल ने ऑक्सीजन लगाने के लिए कहा लेकिन स्टाफ ने साफ कर दिया कि पहले छह हजार रुपये जमा करो तब ही ऑक्सीजन लगाई जाएगी। उसने किसी तरह छह हजार की जुगाड़ की, लेकिन स्टाफ नौ हजार की मांग करने लगा।