एटा के गांव जवाहर खैला नगला बंजारा में गेहूं की बुवाई के लिए खेत की जुताई कर रहे किसान दंपती को मिट्टी में दबी नवजात बच्ची मिली। बच्ची के मुंह में मिट्टी भरी हुई थी। दंपती उसे तत्काल चिकित्सक के पास ले गए, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हो गया। परिवार में पहले से छह बेटे हैं। ऐसे में दंपती ने नवजात को बेटी के रूप में अपनाकर उसका पालन-पोषण करने का संकल्प लिया है।
किसान जितेंद्र सिंह ने बताया कि उनके चाचा शिवराम का खेत बटाई पर लिया हुआ है। शनिवार को गेहूं की बुवाई के लिए खेत की जुताई कराई जा रही थी। इस दौरान उनकी करीब 40 वर्षीय पत्नी रीना देवी भी खेत पर मौजूद थीं। तभी जुताई के दौरान मिट्टी में दबी नवजात बच्ची दिखाई दी।
दंपती ने बच्ची को मिट्टी से बाहर निकाला तो वह पूरी तरह मिट्टी से सनी हुई थी और उसके मुंह में भी मिट्टी भरी थी। बच्ची की हालत देखकर दंपती उसे तत्काल चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने जरूरी उपचार, टीके और इंजेक्शन दिए। उपचार के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ और अब वह स्वस्थ है।
जितेंद्र सिंह और रीना देवी के परिवार में पहले से छह बेटे हैं। इनमें बड़ा बेटा शुभम 20 वर्ष का है, जबकि अमन कुमार और 17 वर्षीय जुड़वां बेटे आकाश व विकास भी हैं। परिवार में बेटी नहीं होने के कारण दंपती नवजात बच्ची को पाकर बेहद भावुक हैं। उन्होंने बच्ची को अपने परिवार का हिस्सा बनाकर उसका लालन-पालन करने का निर्णय लिया है। मिट्टी में दबी मिली नवजात को नया जीवन देने और उसे बेटी के रूप में अपनाने के दंपती के फैसले की क्षेत्र में चर्चा हो रही है।